रोडवेज कर्मचारी परिषद के शाहजहांपुर डिपो में विभिन्न शाखाओं के चुनाव शनिवार को कराए गए। बस स्टेशन शाखा के चुनाव में राजेश पांडेय को अध्यक्ष और विनोद कुमार मिश्रा को फिर से शाखा मंत्री चुना गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी हितों के लिए परिषद ने हमेशा ही संघर्ष किया है। प्रत्येक कर्मचारी की समस्या का हल कराएंगे। रोडवेज बस अड्डे के सभागार में हुए चुनाव में गोला डिपो से आए चुनाव अधिकारी प्रमोद कुमार मिश्रा, आलोक अवस्थी, शोभित गुप्ता और अशोक यादव ने चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई। ट्रैफिक शाखा में अमित पांडेय अध्यक्ष और साहब राम यादव शाखा मंत्री निर्वाचित हुए। बस अड्डा शाखा से राकेश चंद्र गुप्ता को क्षेत्रीय प्रतिनिधि चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया जाएगा। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस दौरान वीर प्रताप सिंह, नीति श्रीवास्तव, कविता सिंह, प्रदीप दीक्षित, विजय शुक्ला और सुशील त्रिवेदी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।