शाहजहांपुर में शोषित समाज मोर्चा और मोहल्ला शाहबाजनगर स्थित सैनिक कॉलोनी के लोगों ने शुक्रवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा को सौंपा। ज्ञापन में स्कूल के पास स्थित देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग की गई। लोगों का आरोप था कि शराब की दुकान के बाहर शराबी अराजकता करते हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शाहबाजनगर रोड पर देशी शराब की दुकान है। शराब की दुकान पर सुबह से अराजकतत्त्व इकट्ठा हो जाते हैं और शराब पीकर हुड़दंग करते हैं। राहगीरों के साथ अशोभनीय और अपमानजनक हरकतें करते हैं। शराब की दुकान के पास ही एक स्कूल है। शराबियों से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को खतरा बना रहता है। यदि कोई मोहल्लेवासी इन उपद्रवियों को टोकता है तो ये लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। शराब की दुकान के बाहर दिनभर असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। ये आपस में भी लड़ाई झगड़ा व गाली गलौज करते रहते हैं। सबसे ज्यादा असुविधा महिलाओं व बच्चों को होती है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष इसहाक मोहम्मद, धर्म पाल सिंह, अनंत सिंह, सुब्हान, सलमान, वसी अहमद, असलम, मेहर जहां, गायत्री सिंह, जेबा, जन्नती बेगम, फरजाना, सपना सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे।