शाहजहांपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान विकास भवन सभागार में किया गया। ददरौल विधायक अरविंद सिंह, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने हाईस्कूल व इंटरमीडियट के छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशिस्त पत्र देकर उनका सम्मान किया। इस बीच अमर उजाला की ओर से भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सोमवार सुबह 11 बजे प्रारंभ हुए समारोह में अतिथियों व छात्र-छात्राओं ने लखनऊ में हुए समारोह का लाइव प्रसारण देखा। इसके बाद मेधावियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अनिल सिंह के संचालन में हुए कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर, श्याम बाबू दीक्षित आदि मौजूद रहे। आभार डीआईओएस हरिवंश कुमार ने व्यक्त किया।