शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र के गांव पहरुआ से लौटते समय जलालाबाद सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह को अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। इस दौरान वहां डाक्टर व कर्मचारी भी ड्यूटी पर तैनात नहीं थे। इससे नाराज डीएम ने मौके से मुख्य चिकित्साधिकारी को फोन कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांचकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में अधिकांश कर्मचारी अपने निर्धारित कक्षों में मौजूद नहीं मिले। इस दौरान वहां गार्ड के अलावा वार्ड बॉय व फार्मासिस्ट उपस्थित थे। दवा लेने पहुंचे कुछ मरीज बाहर इंतजार करते हुए मिले। डीएम ने मौजूद लोगों से विभिन्न तरह जानकारी लेने के बाद वितरण रजिस्टर से दवाइयों का स्टॉक आदि चेक किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल में खलबली मच गई।