शाहजहांपुर में शुक्रवार रात गंगा एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर लड़ाकू विमानों ने करीब 40 मिनट तक अभ्यास किया। लड़ाकू विमान हवाई पट्टी को छूते हुए निकले। इस दौरान पूरे एक्सप्रेसवे के साथ ही आसपास के गांवों में भी बिजली आपूर्ति बंद रही। दिन में अभ्यास के बाद शाम सात से रात दस बजे तक लड़ाकू विमानों की नाइट लैंडिंग कराई जानी थी। समय में परिवर्तन किया गया और रात करीब 09:25 पर अभ्यास शुरू हुआ। एक के बाद एक लड़ाकू विमान उड़ान भरकर हवाई पट्टी के थोड़ा ऊपर से होते हुए गुजरने शुरू हुए। हर दो-तीन मिनट में एक लड़ाकू विमान उड़ान भरता रहा। रात 10:05 मिनट पर एमआई-17 हेलिकॉप्टर गड़गड़ाना शुरू हुआ। हेलिकॉप्टर की उड़ान के साथ नाइट लैंडिंग का अभ्यास पूरा हुआ। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली बंद रखी गई। अभ्यास के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। रात में भी वायुसेना के विमानों को देखने के लिए भारी संख्या में लोग खेत और सड़क पर मौजूद नजर आए। कुछ लोगों ने फोन में वीडियो भी बनाया।