शाहजहांपुर जिले में पुवायां मंडी गेट पर शनिवार को लाइन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालान किए जाने और दो किसानों को पकड़वाकर शांतिभंग में चालान कराने से नाराज भाकियू टिकैत गुट के किसानों ने रविवार को पुवायां मंडी में जमकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पांडेय और नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी ने मौके पर पहुंचकर वार्ता करके किसानों को समझाकर धरना समाप्त कराया। भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में तमाम किसान एकत्र होकर मंडी परिसर में पहुंच गए। किसानों ने आरोप लगाया कि बिना कोई कारण के अधिकारियों ने एआरटीओ को बुलाकर मंडी में खड़े ट्रैक्टर ट्रॉलियों के चालान करवा दिए। इसके अलावा मंडी में धान लेकर पहुंचे एक किसान और दूसरे ट्रैक्टर चालक को अधिकारियों ने पकड़वा कर थाने में बंद कराने के बाद शांतिभंग में चालान करवा दिया। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपने सिस्टम को सुधारने की जगह पर किसानों को उत्पीड़न करने पर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के ट्रैक्टरों के किए गए चालान माफ किए जाएं और धान को सीधे सेंटर पर तुलवाया जाए। डिप्टी आरएमओ ने एआरटीओ से वार्ता करके चालान रद्द कराने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।