शाहजहांपुर में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ताओं ने डीएम को संबोधित एक मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रियंका चौधरी को सौंपा। इसमें किसानों के लिए समुचित गेहूं खरीद केंद्र खोलने और मदनापुर के शोभित पाल हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह ने मांग पत्र में कहा कि थाना मदनापुर के ग्राम बंधा के शोभित पाल की हत्या में नामजद सभी अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद के किसान अपना गेहूं आने-पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं। इस स्थिति को देखते हुए जनपद में पर्याप्त गेहूं खरीद केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों पर केवल किसानों का ही गेहूं खरीदा जाना चाहिए ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया। मांग पत्र सौंपने वालों में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के महासचिव विवेक सिंह चौहान, आंचल शुक्ला, रामबरन पाल, अंकित पाल, महादेवी, सोनी, उदयवीर और सूरज पाल सहित कई ग्रामीण शामिल थे।