क्रिएटिव आर्ट ग्रुप की ओर से शाहजहांपुर महोत्सव के तीसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने डांस में अपना जलवा बिखेरा। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सेवा सम्मान दिया गया। अटल विहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे डांस मेनिया कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें प्रतिभागियों ने फिल्मी गीतों पर खूब तालियां बटोरी। विभिन्न वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां की सराहना हुई। इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर अर्चना वर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को सेवा सम्मान से नवाजा। मशहूर चित्रकार डॉ.कमर को भी महापौर ने सम्मानित किया। इस मौके पर नरेंद्र सक्सेना, सचिन बाथम समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।