शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज में सोमवार को एक दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। इसमें पठन-पाठन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। पुस्तक मेले में पहुंचे विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान संबंधी नवीनतम पुस्तकों के साथ ही कवि, साहित्यकारों की पुस्तकों की खरीदारी की। केंद्रीय पुस्तकालय के संयोजकत्व में हुए पुस्तक मेले व टीचर्स रीडिंग हॉल का उद्घाटन प्राचार्य प्रो.मोहसिन हसन खां ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि रीडिंग रूम में लगभग 4500 संदर्भ पुस्तकें, समाचार पत्र -पत्रिकाएं व अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। यह अध्येताओं के ज्ञान को बढ़ाने में सहायक होगी। पुस्तक मेला की प्रशंसा करते हुए प्राचार्य ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य छात्रों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें साहित्य व ज्ञान के विविध स्रोतों से जोड़ना है। पुस्तकालयाध्यक्ष सैयद अनीस अहमद ने बताया कि पुस्तक मेले में दिल्ली, आगरा व शाहजहांपुर के प्रकाशकों की पुस्तकों को शामिल किया गया है। संकल्प भारत शोध न्यास व कॉलेज काॅर्नर और शाहजहांपुर काॅर्नर के अंतर्गत जनपद के लेखक, कवि व साहित्यकारों की पुस्तकें और संपूर्ण भारत से प्रतिष्ठित प्रकाशकों की हिंदी, अंग्रेजी व उर्दू भाषा में शैक्षणिक, प्रतियोगी व सामान्य ज्ञान संबंधी- नवीनतम पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर जफरउल्ला खान, विकास कुमार, जहीर अहमद, शारोज खान, निदा, बुशरा, शाहरुख, सैयद औरंगजेब, शाकिर खान, डॉ. विनोद कुमार, श्याम शुक्ला, स्वप्निल यादव आदि मौजूद रहे।