शाहजहांपुर में बिजली निगम में संविदा पर कार्यरत 52 कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया गया है। इससे नाराज संविदा कर्मी सोमवार को एसई कार्यालय में धरना देने पहुंचे, लेकिन वहां गेट पर ताला लगा मिला। इससे नाराज कर्मियों ने गेट पर पूरे दिन धरना देकर विरोध जताया। प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना ने बताया कि शहर के नौ बिजलीघरों पर 205 संविदा कर्मी तैनात थे। इनमें 153 की तैनाती की सूची दी गई, शेष को बाहर कर दिया गया। कर्मियों के हक के लिए कर्मचारी कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। सोमवार को भी धरना जारी रहेगा। एसई जेपी वर्मा ने बताया कि सभी अधिशासी अभियंता से संविदा कर्मियों की सूची की उपखंड अधिकारी से जांच कराने के लिए निर्देशित किया है।