क्षेत्र के गांव छितही में गेहूं की डंठल में अचानक आग लग गई, जिसके कारण खेत में खड़ी कंबाइन मशीन भी जलने लगी। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। मंगलवार की दोपहर 1 बजे गेहूं के कटे हुए खेतों की डंठल में अज्ञात कारणों से आग लगने से गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग बुझाने के लिए वहां पर सैकड़ों ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। वहीं खेत में खड़ी कंबाइन मशीन में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और कंबाइन मशीन में लगी आग को भी बुझाया। इस आगजनी में फसल का कोई नुकसान नहीं हुआ।