सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन ऑडिटोरियम में कई खामियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने नाराज़गी जताई। डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सख़्त लहज़े में कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ दुरुस्त की जाएं। इसके अलावा, क्रिटिकल केयर यूनिट में निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी मिली, जिस पर उन्होंने नोडल अधिकारी को समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम 60 बेड वाले नर्सिंग कॉलेज भी पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष जताया और टीम को धन्यवाद भी दिया।