सहारनपुर में बड़गांव क्षेत्र के भगवानपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर से सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया गया। इंचार्ज अध्यापक सेवाराम बिडला ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, ड्रेस, मध्याह्न भोजन सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छह से चौदह वर्ष तक के बच्चों का नामांकन नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं। रैली के दौरान गांव में भ्रमण कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान विशाल राणा, सहायक अध्यापिका वैशाली, कीर्ति वर्मा, शिक्षा मित्र नीलम रानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।