सहारनपुर जनपद के खेड़ा अफ़गान में स्मार्ट फिलिंग स्टेशन पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने आए दो बाइक सवार युवकों ने पम्प कर्मचारियों के साथ मारपीट कर भाग गए। पेट्रोल पंप प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर बाइक सवार युवको के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार की शाम खेड़ा अफगान स्थित स्मार्ट फिलिंग स्टेशन पर एक बाइक पर सवार दो युवक बिना हेलमेट लगाए तेल लेने पहुंचे तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जिला अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश नो हेलमेट नो पेट्रोल के तहत बिना हेलमेट लगाए पेट्रोल देने से मना कर दिया। जिसके बाद आक्रोशित बाइक सवार दोनों युवकों ने पंप कर्मचारियों के साथ बहस करते हुए तेल देने के लिए कहा, व सरकारी आदेशों को मानने से इनकार कर दिया। पंप कर्मचारियों द्वारा तेल न देने से गुस्साये बाइक सवार युवकों ने पंप कर्मचारी सौरव के साथ जबरदस्त मारपीट कर दी। पंप के प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि जिला अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए दोनों युवकों को बिना हेलमेट पहने पेट्रोल नहीं दिया गया था जिससे आक्रोशित होकर युवकों ने पम्प कर्मचारी पर हमला कर दिया पम्प प्रबंधक द्वारा अंबेहटा चौकी में तहरीर देकर बाइक सवार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर बाइक सवार युवकों की पहचान कर युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।