सहारनपुर में काशीराम कॉलोनी में आवास योजना के तहत मकान पाने वाले विकास नामक युवक ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में हंगामा कर दिया। विकास ने बताया कि वह दिल्ली रोड स्थित काशीराम कॉलोनी के आवंटित मकान में रहते हैं, लेकिन हाल ही में उनका मकान शेखपुरा कॉलोनी में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस बदलाव से उन्हें भारी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वह बीते छह महीने से अफसरों के चक्कर काट रहे हैं। कई बार शिकायतें दीं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। विकास का आरोप है कि उन्हें बार-बार टाल दिया जा रहा है और कार्यालय के बाबू जांच के नाम पर परेशान कर रहे हैं। परेशान होकर उन्होंने आखिरकार कार्यालय में जोरदार हंगामा किया और अधिकारियों से न्याय की मांग की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला था।