सहारनपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय मिर्जापुर अंबेहटाचांद (सहारनपुर) में संकुल स्तरीय दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार सुबह प्राचार्य राजकुमार गौतम ने फीता काटकर किया। शनिवार को प्रतियोगिता के पहले दिन हरिद्वार संकुल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, देहरादून, उत्तरकाशी, चमौली, हरिद्वार, नैनीताल, पौडी गढ़वाल, रूद्रप्रयाग, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, उधमसिंह नगर सहित करीब 17 जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रतिभागी अपने-अपने आयु वर्ग में दो से तीन अगस्त को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मेजबान विद्यालय के छह प्रतिभागी भी इसमें प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का संयोजन एंव समन्वयन शारीरिक शिक्षक श्रीमति महेन्द्री एंव आत्मप्रकाश मिश्रा ने किया। जवाहर नवोदय विद्यालय मिर्जापुर अंबेहटाचांद के प्राचार्य राजकुमार गौतम ने जानकारी देते बताया कि यहां से अपने-अपने वर्ग में चयनित होकर उक्त छात्र-छात्राएं संभाग स्तर के लिए हरिद्वार संकुल का प्रतिनिधित्व करते हुए एस0जी0एफ0आई0 स्तर तक पहचान बनायेंगे। विद्यालय उप प्राचार्य अंजलि ध्यानी ने बताया कि संभाग स्तर की प्रतियोगिता छह और सात अगस्त को जवाहर नवोदय विद्यालय उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में आयोजित की जायेगी।