छुटमलपुर में परिषदीय स्कूलों के छात्र छात्राओं ने बुधवार को स्कूल चलो अभियान रैली का आयोजन किया। रैली को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक राजेश कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र शर्मा, छुटमलपुर चेयरपर्सन शमा परवीन, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी, भाजपा नेता अंकित राणा आदि ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद बच्चे प्रधानाध्यापक करण सिंह, अध्यापिका अंजली आर्य के नेतृत्व में हाथों में प्रेरक नारे लिखी तख्तियां लेकर कस्बे के मुख्य मार्ग से होकर गुजरे। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को हर सूरत में स्कूल भेजने का आह्वान किया।