टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौखंडी में पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्राॅली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जिससे उसमें सवार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि थाना अजीमनगर क्षेत्र के ग्राम खेड़ा नानकार के करीब 30 लोग जसपुर स्थित कालू सैय्यद की मजार से जियारत कर ट्राली से वापस लौट रहे थे। चौखंडी स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राली में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को टांडा स्थित सीएचसी पहुंचाया।