लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के मानपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नामांकन कराने गई एक छात्रा को सांप ने डंस लिया। घटना से स्कूल परिसर में अफरा तफरी मच गई। छात्रा को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कूल में दहशत का माहौल है। पूरे चौहानन गांव की रहने वाली लक्ष्मी (13) पुत्री प्रमोद कक्षा छह में नामांकन कराने स्कूल पहुंची थी। वह अन्य बच्चों के साथ साइकिल स्टैंड में साइकिल खड़ी कर रही थी। इसी दौरान वहां सांप दिखाई दिया। बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए भागने लगे। भगदड़ के बीच लक्ष्मी को सांप ने डंस लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। विद्यालय स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तुरंत निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. गौरव पांडे के मुताबिक छात्रा को भर्ती कर लिया गया है।उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमेश कुमार सिंह सहित अन्य स्टाफ छात्र की देखरेख में अस्पताल में मौजूद रहा।