लालगंज (रायबरेली)। तहसील परिसर में सोमवार को डीएम और एसपी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें पंचायत मतदाता सूची से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। मेरुई गांव निवासी गौरव सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि ग्राम सभा की पंचायत निर्वाचक मतदाता सूची में गांव के ही एक अविवाहित व्यक्ति के नाम पत्नी के रूप में एक अज्ञात महिला का नाम दर्ज है। जबकि संबंधित व्यक्ति की अब तक शादी नहीं हुई है। उन्होंने मामले की जांच कराकर वोटर लिस्ट संशोधित कराने की मांग की। इसी दौरान पूरे ब्राह्मण मजरे गेगासों गांव निवासी राजकुमार पांडे ने गांव के एक व्यक्ति पर ट्यूबवेल पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। बताया कि दो दिसंबर को आरोपी ने स्टार्टर और तार उखाड़ कर फेंक दिए। बेलहनी ग्राम प्रधान अखिलेश यादव ने गांव स्थित पशु चिकित्सालय की मरम्मत कराने की मांग रखी। कहा कि भवन जर्जर हालत में है, जिससे पशुपालकों को परेशानी हो रही है। सरेनी क्षेत्र के सिंघौर तारा गांव निवासी अशोक सिंह ने सहन की भूमि पर कब्जे की शिकायत की। बताया कि कुछ लोगों ने टिन शेड लगाकर जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। डीएम हर्षिता माथुर और एसपी डॉ. यशबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।