रायबरेली के ऊंचाहार के धमधमा मजरे बहेरवा के राजाराम व राकेश कुमार के बीच रास्ते को लेकर रंजिश चल रही है। राजाराम के घर पर बेटे आदर्श की शादी के उपलक्ष्य में मंगलवार को प्रीतिभोज का आयोजन था। राजाराम का आरोप है कि शाम को विपक्षी राकेश का बेटा उधर से निकला तभी किसी ने उसे गाली दे दी। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। राजाराम व उनके रिश्तेदारों ने राकेश के घर पर चढ़ाई कर दी। घर वालों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। राकेश के पक्ष ने भी जवाबी हमला किया और उनके आयोजन को तहस नहस कर दिया। मारपीट में एक पक्ष से राकेश कुमार (45) उनका बेट सचिन (18), भतीजा अमित (23) व भतीजी साक्षी (19) पत्नी प्रेमलता (40), दो भाईयों की पत्नी लीलावती (35) व प्रिया (34) के सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे पक्ष से श्रीपाल (62) व धर्मेश (24) घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से काेतवाली में तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।