धौरहरा की सभासद सुनीता पाल और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ बुधवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रदर्शन किया। सभी ने एसपी को पत्र देकर सभासद समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। न्याय न मिलने पर खुदकुशी की चेतावनी दी। एसपी ने जांच कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। दरअसल, सभासद सुनीता पाल ने सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। इससे नाराज लोगों ने सभासद और उनके देवर सुनील पाल को मंगलवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। सुनील पाल को गंभीर चोटें आई थी, जिनका एम्स में इलाज चल रहा है। घटना से नाराज सभासदों ने मिल एरिया थाने का घेराव किया था। सभासद का आरोप था कि हमलावरों ने बीते सोमवार को भी मारपीट की थी। मामले में पुलिस की तरफ से कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपियों ने दूसरे दिन हमला बोला। सभासदों का थाना घेराव करने पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। उधर, बुधवार सुबह दूसरे पक्ष के राजेंद्र सिंह, संगीता सिंह समेत अन्य लोग एसपी दफ्तर में सभासद और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगीता ने बताया कि उनके पति चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान सभासद समेत अन्य लोगों ने सरिया, लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इसमें उनके पति आलोक के अलावा राकेश समेत तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। महिला सभासद स्वयं भू-माफिया हैं। जबरन शिकायत कर लोगों को परेशान करती हैं। यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो हम लोग खुदकुशी कर लेंगे। पुलिस हम लोगों को बेवजह परेशान कर रही है। एसपी रवि कुमार ने दूसरे पक्ष के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायत की भी जांच कराई जाएगी। शिकायत सही मिली तो मामले में कार्रवाई कराई जाएगी।