जिला अस्पताल में मनमानी और लापरवाही का बड़ा मामला बुधवार को उजागर हो गया। परदेश से लौटे युवक का 10 दिन तक इलाज किया गया। बुधवार को मौत होने के बाद इसकी सूचना मां व परिवार वालों को दी। मां ने जिला अस्पताल पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाया। सीएमओ को शिकायतीपत्र देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। सीएमओ को दिए शिकायतीपत्र में चंदापुर थाना के मऊ निवासी मनोरमा पत्नी स्व. मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि बुधवार को चंदापुर थाना से जानकारी मिली कि उसके लड़के शुभम की मौत जिला अस्पताल में हो गई है। जिला अस्पताल पहुंची तो पता चला कि बीती 19 अक्तूबर को लड़के को एंबुलेंस से लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल प्रशासन को बेटे के संबंध में पूरी जानकारी होने के बाद भी सूचना नहीं दी। आरोप लगाया कि समय से सूचना मिल जाती तो बेटे का ठीक से इलाज करा लेते। उसकी मौत नहीं होती। जिला अस्पताल में लापरवाही बरतने वालों पर जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराया जाए। मामले में सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा का कहना है कि जो भी शिकायत मिली है। उसकी जांच कराई जाएगी।