आंधी तूफान के बीच बुधवार दोपहर को बहरामपुर गांव में हादसा हो गया। छप्पर के नीचे बैठकर खुद को सुरक्षित कर रहे पिता-पुत्र के ऊपर अचानक बिजली का खंभा गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव निवासी महेश अपने बेटे शिवम (14) के साथ खेतों में बकरी चरा रहे थे। आंधी आने के दौरान वे दोनों छप्पर के नीचे बैठ गए। तभी तेज हवा के कारण पास का बिजली का खंभा ट्रांसफार्मर समेत झोपड़ी पर गिर गया। इससे दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे में शिवम को गंभीर चोटें आईं। आंधी आने के कारण गांव के रास्तों पर कई पेड़ गिरे पड़े थे। इससे एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। हालात ऐसे बने कि ग्रामीणों ने घायल शिवम को खाट पर लिटाया और करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। वहां एंबुलेंस मिलने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शिवम के पिता महेश की हालत स्थिर है।