रायबरेली। मिल एरिया के ग्राम संडीराम में गत 25 नवंबर की रात घर पर सो रहे किसान पर डंडे से हमलाकर दिया गया था। घायल किसान को सीएचसी अमावां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था, जहां शनिवार रात उसकी मौत हो गई। गांव निवासी राम बरन 25 नवंबर की रात घर में सो रहे थे। रात में उनके सिर पर नीम के डंडे से वार किया गया। चिल्लाने पर पत्नी कमलेश कुमारी जागकर पति की मदद के लिए दौड़ी तो हमलावर भाग गए। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। घायल रामबरन को सीएचसी अमावां लाया गया, जहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। शनिवार रात को राम बरन की मौत हो गई। रविवार को परिवार के लोगों ने पुलिस की अनदेखी पर रोष व्यक्त किया। मृतक के पुत्र रोहित ने बताया कि घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया गया है।