लालगंज (रायबरेली)। ऐहार गांव के पास टूटे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से चौकीदार की मौत हो गई। यह हादसा देर रात हुआ। मंगलवार की सुबह चौकीदार का शव तार में उलझा पाया गया। घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। कहा कि जर्जर और ढीले तार को कई ठीक कराने के लिए अवर अभियंता से शिकायत की गई, लेकिन तार नहीं कसवाया गया। पुलिस ने बिजली बंद कराई। इसके बाद शव खेत से बाहर निकाला गया। रामपुर गांव निवासी रामू पासवान (45) गंगा एक्सप्रेस-वे चौकीदार थे। ऐहार गांव के पास वह झोपड़ी बनाकर रहते थे। ऐहार गांव के दीपक शुक्ला जब खेतों की तरफ गए रामू खेत में टूटे बिजली के तार में उलझा था। सूचना पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। करंट प्रवाहित होने से कोई घटनास्थल पर जाने की जहमत नहीं उठाई। सूचना पर आई पुलिस ने पहले बिजली बंद कराई, उसके बाद शव को खेत से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि शव को ऐहार गांव में बरस विद्युत उपकेंद्र से निकले कुंडवल फीडर से बिजली आती है। जर्जर और ढीले तारों को कई बार ठीक कराने की मांग की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते तार को ठीक करा दिया जाता, तो हादसा न होता। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। रामू की मौत से उसका पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी रामावती, बेटे सूरज, अर्जुन, करन और बेटियां रोशनी व रश्मि का रो-रोकर हाल बेहाल है। अवर अभियंता संजय कुमार ने बताया कि ट्यूबवेल की लाइन थी। इसमें एक तार अचानक टूट गया था। तार जर्जर और ढीला नहीं था। न ही इसकी कोई शिकायत मिली थी।