पंचायत सहायकों ने बुधवार को विकास भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान अपनी मांगों के संबंध में आवाज उठाई गई। प्रदर्शन कर रहे पंचायत सहायकों ने बताया कि एग्रीस्टैक क्रॉप सर्वे खेतों में जाकर करना होता है। इस दौरान जंगली जानवरों के हमले का खतरा रहता है। कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती है। वहीं घटना घटित होने पर कृषि विभाग और पंचायतीराज विभाग को पीड़ित पक्ष को मुआवजा देना चाहिए। सहायकों को उच्च गुणवत्ता के मोबाइल फोन दिए जाएं। प्रोत्साहन राशि प्रति गाटा दस रुपये व एक गाटा में दो फसल होने पर बीस रुपये दिए जाएं। महिला कर्मचारी के साथ विभाग के कर्मचारी को भी भेजा जाए। कहा गया कि ग्राम पंचायत के अंदर सभी विभाग के पद समाप्त कर दिए जाएं और उन सभी पदों पर पंचायत सहायकों को नियुक्त कर उनके मानदेय में उस विभाग की धनराशि को जोड़ दिया जाए। प्रदर्शन के बाद सीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, जिला मंत्री पवन कुमार मौजूद रहे।