कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत बढ़ने से कस्बे में खानपान का कारोबार प्रभावित होने लगा है। होटल, ढाबा और ठेला संचालकों के सामने खर्च बढ़ गया है। कई छोटे दुकानदार पहले ही काम समेट चुके हैं। पहले जो कॉमर्शियल सिलेंडर 2260 रुपये में मिलता था अब वही 3199.50 रुपये प्रति सिलिंडर हो गया है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। नगर के फास्ट फूड संचालक आशीष कुमार ने बताया कि पिछले एक माह से गैस महंगी होने के कारण बिक्री पर असर पड़ा है। अब दाम और बढ़ने से कमाई और घटेगी। होटल व्यवसायी विनय कुमार ने कहा कि गैस की किल्लत से काम पहले ही प्रभावित था। अब नई कीमतों से स्थिति और कठिन हो गई है। कैटरिंग व्यवसाय पर भी असर साफ दिख रहा है। कैटरर मयंक शुक्ला ने बताया कि मई माह में करीब छह कार्यक्रम बुक हैं। बुकिंग पुराने रेट पर तय हुई थी। अब सिलिंडर महंगा होने से लागत बढ़ गई है। ग्राहक को नए दाम समझाना मुश्किल हो रहा है। उधर शादी विवाह वाले परिवार भी परेशान हैं। नगर निवासी शिव मनोहर ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अगले सप्ताह है। कारीगर ने छह कॉमर्शियल सिलिंडर मांगे हैं। कीमत बढ़ने से खर्च और बढ़ गया है। एचपी गैस एजेंसी के प्रबंधक नईम ने बताया कि एजेंसी में 50 से 60 कॉमर्शियल कनेक्शन हैं। जरूरत के अनुसार सिलिंडर दिए जा रहे हैं। उन्होंने माना कि कीमत बढ़ने से कारोबार पर असर पड़ेगा। कुल मिलाकर महंगे सिलिंडर ने छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े आयोजनों तक सबकी चिंता बढ़ा दी है।