अमावां (रायबरेली)। देर शाम करीब आठ बजे मिल एरिया क्षेत्र के अमावां स्थित कंपोजिट अंग्रेजी बियर की दुकान पर अराजकतत्वों ने जमकर तोड़फोड़ व मारपीट की। इसमें छह लोग घायल हो गए। पूरे सरदार मजरे अमावा गांव निवासी राम कृपाल पुत्र कन्हैया लाल रंजीत पुत्र सुनील, प्रकाश पुत्र राम नरेश अमावां ठेके पर शराब लेने पहुंचे तभी कैंटीन चलाने वाले रामराज यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर कैंटीन संचालक ने अपने साथियों संग तीनों को जमकर पीटकर घायल कर दिया। यह बात जब ग्रामीणों को पता चली तब पहुंचकर ठेके का घेराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों का अमावां सीएचसी में इलाज कराया गया। मौके पर पहुंची मिल एरिया पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बताया गया कि शराब के लेनदेन का विवाद कई घंटे तक चलता रहा। मारपीट के बाद शराब लेने आए कुछ युवकों ने दुकान के अंदर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए व लाठी-डंडों से मारपीट की। वहीं, सेल्समैन भूपेंद्र सिह निवासी बालामऊ हरदोई ने बताया कि कुछ लड़के ठेके पर आए अंग्रेजी बियर मांगी जब मैंने शराब देने में देरी की तो युवकों ने मारपीट की।