रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र के कुंदनगंज गांव में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित मुन्नालाल हलवाई अपनी बेटी संध्या की शादी की तैयारी कर रहे थे। वह परिवार सहित बृहस्पतिवार को शिवरतनगंज, अमेठी गए हुए थे। उनका पुत्र विवेक घर में अकेला था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे विवेक खाना खाने बाहर गया था। रात करीब 10.30 बजे वह लौटा तो घर का दरवाजा खुला पाया। चोरों ने घर से सोने व चांदी के जेवर, मकान के कागजात और करीब दो लाख रुपये नगद पार कर दिए। मुन्नालाल की पत्नी सरोज चोरी देखकर बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 और स्थानीय पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। पीड़ित मुन्नालाल के अनुसार, पुलिस ने उनके बेटे विवेक को ही घटना का आरोपी बताया। मुन्नालाल ने पुलिस पर अपने बेटे को फंसाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल के दो महीने के कार्यकाल में दर्जनों चोरियां हुई हैं। क्षेत्रीय लोग पुलिस की लापरवाही से आक्रोशित हैं।