रायबरेली में लालगंज क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को स्कूल से लौट रहे बच्चों का ई-रिक्शा पलट गया। घटना में चालक और दो छात्र नीचे दब गए। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मदुरी गांव निवासी रमनंदन (48) प्रतिदिन की तरह बच्चों को स्कूल से लेकर गांव छोड़ने जा रहे थे। ई-रिक्शा में कई बच्चे सवार थे। नहर पटरी की सड़क पर अचानक सामने एक कुत्ता आ गया। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान ई-रिक्शा असंतुलित हो गया। देखते ही देखते वाहन पलट गया। बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। ई-रिक्शा के नीचे चालक रमनंदन दब गए। उनके साथ लकी (10) और आदित्य (10) भी फंस गए। ई रिक्शा पलटा देख कर आसपास के लोग दौड़ पड़े। राहगीरों और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर ई-रिक्शा उठाया और घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में गांव के ही रौनक, विनीत, मयंक, साक्षी, राज, नेत्रा और पूजा बच गए। हालांकि घटना से बच्चे सहमे गए और कई बच्चों ने रोना शुरू कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।