यूपी के प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं, वहीं रायबरेली शहर में रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर सड़क किनारे वाहनों का अतिक्रमण श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बनने को तैयार है। श्रद्धालुओं को वाहनों के अतिक्रमण के कारण सफर में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसे लेकर जिला प्रशासन और एनएचएआई के अफसर गंभीर नहीं हैं। वहीं शहर में जाम की समस्या भी बनी रहती है, जिससे श्रद्धालुओं को जाम के झाम से भी जूझना पड़ेगा। जनवरी 2025 में महाकुंभ का स्नान है। यहां पर देश और विदेश के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। प्रयागराज तक पहुंचने की डगर कठिन है। लखनऊ से मामा चौराहे तक सड़क फर्राटेदार बनी हैं, लेकिन शहर के त्रिपुला, रतापुर, सिविल लाइंस, मामा चौराहा, मुंशीगंज में आए दिन जाम लग जाता है। सिविल लाइंस चौराहा से लेकर रतापुर तक जगह-जगह ट्रक, डंपर मौत बनकर खड़े रहते हैं। इसको लेकर न तो जिला प्रशासन गंभीर न ही एनएचएआई के अफसर। सबसे ज्यादा जाम सिविल लाइंस चौराहे पर लगता है। वहीं शहर में त्रिपुला चौराहे से मुंशीगंज तक हर दिन जाम लगता है। ऐसे में यह समस्या श्रद्धालुओं के लिए चुनौती सरीखी होंगी।