रायबरेली में डलमऊ गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। केंद्रीय जल आयोग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को गंगा का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर घटकर 97.020 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर घटने से गंगा कटरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। जलस्तर कम होने से कटरी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका भी कुछ कम हुई है। वहीं, गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासी संदीप मिश्रा और कपिल द्विवेदी ने बताया कि गंगा का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर घटा है। जलस्तर कम होने से जलीय जीवों से जुड़े खतरे की आशंका कम होगी और स्नानार्थियों को भी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्रीय लेखपाल हरिओम त्रिपाठी ने भी गंगा के जलस्तर में गिरावट की पुष्टि की है। ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर में इसी तरह गिरावट जारी रही तो कटरी क्षेत्र के लोगों को और राहत मिलेगी।