रायबरेली में सरेनी विधानसभा के अंतर्गत विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आई है। नगर के वार्ड नंबर-7 के सभासद राकेश कुमार ने बताया कि जब वह अपना एसआईआर फॉर्म भरने बीएलओ के पास पहुंचे तो फॉर्म में उनकी जगह किसी संध्या नाम की महिला का नाम दर्ज मिला। इस पर उन्होंने तुरंत एसडीएम से शिकायत की। इसी तरह सभासद प्रतिनिधि मो. जहीर कुरैशी ने भी शिकायत की कि बूथ संख्या 156 और 157 पर कई मतदाताओं के नाम गलत दर्ज हैं। कुछ के नाम सूची में दिख ही नहीं रहे। उनका कहना है कि शिकायत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, एसडीएम डलमऊ को दी गई है। लेकिन, अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि एसआईआर फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। समय रहते सुधार न होने पर कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने का खतरा बना हुआ है। नगर वासियों और प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से तुरंत सुधार की मांग की है।