रायबरेली में लालगंज कस्ब के बैसवारा इंटर कॉलेज में सोमवार को पुस्तक मेले का आयोजन हुआ। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर आयोजित मेले में एनसीईआरटी से संबंधित पुस्तकों का स्टॉल लगाया गया। यहां बच्चों को पाठ्यक्रम की किताबें किफायती दामों पर उपलब्ध कराई गईं। मेले में बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र पहुंचे। सस्ती दरों पर किताबें मिलने से सभी ने संतोष व्यक्त किया। अभिभावकों ने कहा कि इससे पढ़ाई का खर्च कम होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिषद की पहल पर यह मेला लगाया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को सही और सस्ती किताबें उपलब्ध कराना है। एनसीईआरटी की पुस्तकें अन्य निजी प्रकाशनों की तुलना में सस्ती हैं। इस व्यवस्था से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी। बच्चों की पढ़ाई पर आर्थिक बोझ कम होगा। मेले में पहुंचीं अभिभावक पूनम ने कहा कि यह पहल सराहनीय है। अब उन्हें एक ही जगह पर अच्छी और सस्ती किताबें मिल रही हैं। एक और अभिवावक सुंदर ने बताया कि इससे समय और पैसा दोनों की बचत हो रही है। इस मौके पर वीरेंद्र शुक्ला, जितेंद्र मौर्य, इंद्रेश बाजपेई, भवानी श्रीवास्तव, बृजेश शर्मा और पुनीत तिवारी सहित विद्यालय स्टॉफ मौजूद रहा।