रायबरेली में बिजली कटौती से खफा किसानों ने सोमवार को सुबह 11 बजे विद्युत उपकेंद्र, खीरो का घेराव किया। इस दौरान मौके पर किसी अधिकारी के मौजूद न होने से उनका गुस्सा बढ़ गया। करीब एक घंटे इंतजार के बाद भी जब कोई नहीं आया तो किसानों ने उपकेंद्र के मुख्य गेट पर ताला बंद करके खीरो- रायबरेली मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम की खबर पर खीरो थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। किसानों ने कहा कि उपकेंद्र में 33 केवी लाइन मौरावां, उन्नाव से आती है। इसमें क्षमता से अधिक लोड है। इससे आधे घंटे में तार टूटने, जम्फर कटने आदि से प्रतिदिन दो घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। लो वोल्टेज के कारण घरों के उपकरण जल रहे हैं। नलकूप की मोटरें नहीं चल पा रही हैं। खेतों में पानी न भर पाने से धान रोपाई और सिंचाई के संकट से जूझना पड़ रहा है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि किसानों को समझाकर सड़क जाम खुलवाया गया है। इसके बाद किसान उपकेंद्र में धरने पर बैठे हैं। इसकी सूचना उप जिलाधिकारी लालगंज के साथ विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गयी है।