रायबरेली में बुधवार को मौसम बदल गया। अधिकतम तापमान गिरने के साथ कोहरा छाया रहा। सुबह 10 बजे तक कोहरा रहा और उसके बाद यह छटना शुरू हुआ, लेकिन धुंध बनी रही। कोहरा पड़ने के साथ तापमान गिरा और लोग गर्म कपड़े पहने रहे। अभी दोपहर में धूप होने से लोग गर्म कपड़े दोपहर में नहीं पहनते थे लेकिन बुधवार को सर्दी ने अपना असर दिखाया। कोहरा पड़ने से गेहूं और आलू की फसल को फायदा हुआ। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि अभी गेहूं की बुवाई शुरू हुई है और पिछले दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक था, जिस कारण किसानों को अधिक सिंचाई की जरूरत पड़ रही थी लेकिन कोहरा और सर्दी बढ़ने से खेत में नमी अधिक होगी, जिससे सिंचाई का खर्च कम होगा। वहीं गेहूं की फसल के लिए तापमान कम होना जरूरी रहता है। सर्दी से जिला अस्पताल में कम आए मरीज बुधवार को सुबह से सर्दी का जोर रहा जिस कारण जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या कम रही। पर्चा काउंटर पर हर दिन भीड़ उमड़ती थी लेकिन बुधवार को भीड़ नहीं दिखी।