रायबरेली में ऊंचाहार के गोकना गंगा घाट पर नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पानी घाट किनारे बने मकानों व धर्मशालाओं को छूकर बह रहा है। अभी जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बाढ़ में जलीय जीवों का भी खतरा बढ़ गया है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। गोकना घाट पर पर प्रतिदिन लोग स्नान दान करने आते हैं। साथ ही शवों का अंतिम संस्कार भी होता है। इस समय पितृ पक्ष के चलते घाट पर अपने पूर्वजों को पिंडदान व तर्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। लेकिन, घाट पर बाढ़ के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी बढ़ने से शवों का अंतिम संस्कार करने की जगह नहीं है। शवदाह शेड के चारों ओर पानी भरा हुआ है। लोग किसी तरह शवों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। जगह न होने से एक साथ दो शव ही जल पाते हैं। तीर्थ पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि घाट पर जलस्तर बढ़ने पिंडदान व अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं बची है। मकानों को नुकसान होने का खतरा है। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।