रायबरेली में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शहर के जीआईसी ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मतदाताओं को जागरूक किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर मतदाताओं के लिए एक विशेष सेल्फी पॉइंट बनाया गया, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें। इसके साथ ही, विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जीआईसी ग्राउंड में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पहली बार मतदाता बने युवा छात्र-छात्राओं को कैप पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उन्हें मतदान के महत्व से अवगत कराया। यह आयोजन मतदाताओं के बीच जागरुकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था।