शिवरात्रि पर महाकुंभ में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ प्रयागराज जाएगी। इसके पहले रविवार को भी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसीलिए रायबरेली, ऊंचाहार, बछरावां समेत सभी रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जरूरत पड़ी तो कुछ और स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी। स्पेशल ट्रेनों के संचालन में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए 28 फरवरी तक दो ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनमें जौनपुर वाली इंटरसिटी और प्रयागराज वाली पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। महाकुंभ के दौरान स्नान पर्वों के अलावा रविवार को छुट्टी होने के कारण भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही है। इसीलिए इस रविवार को भी काफी भीड़ उमड़ेगी। ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पर पहले से ही अतिरिक्त सुरक्षा बल मुहैया है, जिन्हें लगातार चहलकदमी करने के लिए कहा गया है। प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर रुकती हैं, इसीलिए इन प्लेटफार्मों पर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी मुस्तैद कर दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य प्लेटफार्मों और स्टेशन के बाहरी हिस्से पर भी रेलवे सुरक्षा बल व राजकीय रेलवे पुलिस निगरानी कर रही है। शहर कोतवाली पुलिस लगातार रेलवे स्टेशन पहुंचकर जायजा ले रही है। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने कहा कि भीड़ उमड़ने की पूरी संभावना है। इसीलिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों के संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी। भीड़ बहुत अधिक होने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की जाएगी। शिवरात्रि पर भीड़ से रेल प्रशासन चौकन्ना आगामी शिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने सुरक्षा की रणनीति तय कर ली है। ट्रेनों के आवागमन में कोई बाधा न आए, इस पर ध्यान रखा जाएगा। पिछले स्नान पर्वों पर भीड़ अधिक होने पर धक्कामुक्की, गेट न खुलने पर मारपीट की नौबत आई थी। जीआरपी और आरपीएफ का कहना है कि धक्कामुक्की या मारपीट जैसी घटनाएं न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। स्टेशन ही नहीं, पास की लालगंज रोड क्रॉसिंग पर भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को प्रयागराज तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त ट्रेनें चलेंगी। ज्यादा भीड़ जुटने पर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।