सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे के तहत बृहस्पतिवार को रायबरेली आएंगे। उनके आगमन की सभी तैयारियों की पूरा कर लिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। इस बार के दौरे की सबसे खास बात यह है कि सांसद निर्वाचित होने के बाद वह पहली बार युवाओं और महिलाओं से रूबरू होंगे। उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके अतिरिक्त पूर्व सांसद सोनिया गांधी की निधि से कराए गए कार्यों की जमीनी हकीकत पर जानकारी लेंगे। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि सिटी रिसोर्स सेंटर और बालिका इंटर कॉलेज के दिन बहुर सकते हैं। राहुल गांधी बृहस्पतिवार को दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगे और उसके बाद वह सड़क मार्ग से रायबरेली आएंगे। चुरुवा बार्डर पर हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद बछरावां के एक गेस्ट हाउस में सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह शहर आएंगे। यहां पर पार्टी पदाधिकारियों से मिलने के बाद दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक बरगद चौराहा के निकट स्थित मूल भारती हॉस्टल के छात्रों से मिलेंगे। उनके बीच वह उनसे उनकी समस्याओं के साथ अन्य विषयों पर बात करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 1:40 बजे तक कठघर और उतरपारा में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं से बातचीत करेंगे। दोपहर 2:10 बजे से 3:10 बजे वह जगतपुर के शंकरपुर में स्थित राणा बेनी माधव सिंह इंटर कॉलेज में राणा बेनी माधव की विशालकाय प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह ऊंचाहार और शहर का भ्रमण करेंगे। इस दौरान उनके सिटी रिसोर्स सेंटर जाने की संभावना है। 21 फरवरी को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक राहुल गांधी भुएमऊ गेस्टहाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे। सुबह 11:30 बजे से 11:40 बजे वह वीरा पासी प्रतिमा पर आयोजित माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:10 से 12:50 तक रेल कोच फैक्टरी लालगंज का भ्रमण करेंगे। साथ ही दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक लालगंज के एक गेस्ट हाउस में युवाओं से संवाद करेंगे। यहां पर कार्यक्रम खत्म होने के वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।