पीलीभीत में नकली हार्पिक, वीट क्रीम और कोलिन जैसे उत्पादों की बिक्री का पीलीभीत शहर में भंडाफोड़ हुआ है। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर सुनगढ़ी और कोतवाली पुलिस ने सात स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से जिले के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अल्फा इंटेलिजेंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के अनुसंधान अधिकारी संजीत कुमार पासवान ने सुनगढ़ी थाना और कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। उनकी कंपनी को रेकिट वेंकिशर इंडिया लिमिटेड की पावर ऑफ अटॉर्नी प्राप्त है। पासवान ने बताया कि उन्हें पीलीभीत में कंपनी के नाम पर नकली क्लीनिंग और कॉस्मेटिक उत्पाद बेचे जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के सत्यापन के लिए एक छापेमारी दल गठित किया गया। इस दल में संजीत कुमार पासवान के अलावा लालचंद, मोनी कुमार और सुनील कुमार शामिल थे। जांच के दौरान कोतवाली क्षेत्र में छह दुकानों पर नकली सामान पाया गया। वहीं, सुनगढ़ी क्षेत्र में एक बरातघर के पास स्थित गोदाम से भी नकली उत्पाद बरामद हुए।