पीलीभीत में सावन के दूसरे सोमवार को जिले के शिवालयों में भोले के भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा आदि अर्पित के विधि विधान से पूजन किया। बदायूं के कछला घाट और हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए कांवड़ियों ने भोलेबाबा का गंगाजल से जलाभिषेक किया। शहर के प्राचीन गौरीशंकर मंदिर में सुबह पांच बजे से ही भक्तों की कतार लग गई। कांवड़ यात्री भी पहुंचने लगे। भक्तों ने भोलेबाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर में पूरे समय बम बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। दूधियानाथ और अर्ध नारिश्वर मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने भगवान शिव की आराधना की। पूरनपुर क्षेत्र के इकोहत्तर नाथ मंदिर में भी कांवड़ियों का जत्था जलाभिषेक करने पहुंचा। बीसलपुर, बिलसंडा, बरखेड़ा क्षेत्र के शिव मंदिरों में भी भक्तों ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की। सावन के दूसरे सोमवार को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा।