नई उम्मीदें और नई ऊर्जा के साथ लोगों ने नए साल-2025 का स्वागत किया। पीलीभीत में देर रात घरों, रेस्टोरेंट और होटलों में जश्न मनाने के बाद नववर्ष की पहली सुबह पर लोगों ने भगवान के दर पर माथा टेका। बुधवार तड़के से ही शहर का माता यशवंतरी देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी। विधि विधान से माता रानी की आराधना कर भक्तों ने सुख शांति की कामना की। मंदिर में कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। शहर के गौरीशंकर मंदिर में भी भोले के भक्तों की लाइन लगी है। इसी तरह शहर और जिले के सभी प्राचीन मंदिरों में लोगों ने माथा टेका।