पीलीभीत के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बरात बोझ में दिव्यांग महेंद्र पाल की कैंटीन में रविवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे दुकान में रखा काफी सामान जल कर राख हो गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरात बोझ में बरेली-सितारगंज नेशनल हाईवे किनारे स्थित दिव्यांग महेंद्र पाल की कैंटीन में रविवार रात आग लग गई। आग की चपेट में आने से कैंटीन में रखे लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। इसमें खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। महेंद्र पाल इसी कैंटीन से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। डायल 112 की टीम के आने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आसपास के घरों को बड़ा नुकसान होने से बच गया। कैंटीन के अंदर रखा गैस सिलिंडर भी फट गया। फायर बिग्रेड के पहुंचने तक पूरी तरह आग पर काबू पा लिया गया था।