पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में तीन नबंवर को लापता हुए किशोर का शव सोमवार को गांव के पास नाले में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से किशोर की मौत होना आया, लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। मंगलवार दोपहर को करीब 12 बजे परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया। गांव नवदिया सितारगंज निवासी प्रेमशंकर का 16 वर्षीय पुत्र अंकित तीन नबंवर को लापता हो गया था। वह 11वीं का छात्र था। उस दिन वह स्कूल गया था। इसके बाद वापस नहीं आया। परिजन उसे तलाश कर रहे थे। सोमवार को डिग्री कॉलेज रोड किनारे नाले में उसका शव मिला। पोस्टमार्टम में डूबने से छात्र की मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार को परिजनों व गांव वालों ने शव को डिग्री कॉलेज रेाड पर रखकर जाम लगाया। परिजनों का आरोप था कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट गलत आई है।