पीलीभीत के अंगुरी देवी सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अमर उजाला की ओर से शुक्रवार को आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एएसपी विक्रम दहिया ने छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिदिन लगभग 600 लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है, जबकि सालाना यह आंकड़ा दो लाख तक पहुंच जाता है। एएसपी ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कर इन हादसों को रोका जा सकता है। घर से निकलते समय अभिभावकों को जानकारी देने और खुद भी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने हाईवे पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताते हुए तेज गति पर नियंत्रण रखने, वाहनों की सुविधाओं का सही उपयोग करने और कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही छात्रों से घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने को कहा। सीओ विधि भूषण मौर्य, यातायात निरीक्षक रघुवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।