पीलीभीत टाइगर रिजर्व में शनिवार को सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह और शाम की जंगल सफारी के लिए अधिकांश वाहन पहले ही बुक हो गए। इससे सैलानियों में खासा उत्साह नजर आया। जंगल सफारी के दौरान सैलानियों को बाघ समेत कई वन्यजीवों के दीदार हुए। कुछ सैलानियों को लालपुल से चूका बीच मार्ग में प्रवेश करते ही बाघ दिखाई दे गया।
बाघ वाहनों के सामने से होकर गुजर गया। इसे देखकर सैलानी रोमांचित हो गए। वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखकर सैलानियों को बाघ के दर्शन कराए गए। इस दौरान बाघ के दीदार का वीडियो भी सैलानियों ने बना लिया। इसके अलावा कुछ सैलानियों को जंगल सफारी के दौरान अन्य स्थानों पर एक साथ दो बाघों के भी दीदार हुए। इससे उनकी सैर यादगार बन गई।