मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र की बघरा पुलिस चौकी के बाहर पैसों के लेन-देन को लेकर दो परिवारों की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह महिलाओं को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार यह विवाद करीब दो साल पहले कर्नाटक में काम के दौरान हुए झगड़े से जुड़ा है। उस समय सैदपुरा खुर्द निवासी छोटू उर्फ सचिन और धर्मा के बीच विवाद हुआ था, जिसमें सचिन घायल हो गया था। बाद में गांव के लोगों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में समझौता हुआ था, जिसके तहत धर्मा की ओर से पांच हजार रुपये दिए गए थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को इसी समझौते के पैसों को लेकर दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और छोटू उर्फ सचिन व दूसरे पक्ष के सोनू को चौकी ले आई। इसी दौरान दोनों परिवारों की महिलाएं भी बघरा पुलिस चौकी पहुंच गईं। चौकी के बाहर ही दोनों पक्षों के बीच फिर से गाली-गलौज शुरू हो गई और महिलाएं एक-दूसरे के बाल पकड़कर सड़क पर ही भिड़ गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर महिलाओं को अलग कराया और माहौल शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सचिन और सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।