यूपी के मुजफ्फरनगर के खतौली में ममता हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस की गश्त और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में आरोपी संदीप नामदेव शव को ठेले पर रखकर करीब 700 मीटर तक धकेलते हुए गंगनहर की ओर ले जाता दिख रहा है, लेकिन इस दौरान न तो कहीं पुलिस गश्त नजर आई और न ही किसी राहगीर को शक हुआ। तीन दिन और चार रात तक शव पड़े रहने के बावजूद पुलिस तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ।
मोहल्ला होली चौक पक्का बाग निवासी संदीप ने 10 जनवरी की रात घर में ही अपनी प्रेमिका ममता की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को बैडशीट में लपेटा और रात करीब 10 बजे घर के सामने खड़े ठेले में रखकर गंगनहर की ओर ले गया। आरोपी का इरादा शव को नहर में फेंकने का था, लेकिन शव का वजन अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सका। मुख्य मार्ग से वाहन आता देख वह शव को कांवड़ पटरी मार्ग पर रेलिंग और दीवार के बीच छोड़कर फरार हो गया।
रास्ते में दुकानें खुली थीं और आवाजाही भी थी, बावजूद इसके किसी को संदेह नहीं हुआ। पक्का बाग और बालाजीपुरम इलाके में पुलिस गश्त भी नहीं दिखी। ठेले पर शव ले जाते हुए वीडियो बाद में वायरल हुआ।
जांच में सामने आया कि संदीप को शक था कि ममता अन्य लोगों से भी बात करती है और उससे रुपये ऐंठती है। आरोपी ने हाल ही में 16 लाख रुपये में एक प्लॉट बेचा था। इसी बीच ममता ने नाती के नामकरण के लिए पांच हजार रुपये मांगे, जिससे वह नाराज हो गया। 10 जनवरी को उसने ममता को बहाने से बुलाया, चाय में नशीली गोली मिलाकर पिलाई और बेहोश होने पर मुंह-नाक दबाकर हत्या कर दी। पहचान छुपाने और मौत की पुष्टि के लिए चेहरे व सिर पर टेप भी लगाया।
मोहल्ला तगान निवासी ममता 10 जनवरी की शाम करीब पांच बजे काम की तलाश में निकली थी। एक घंटे बाद उसने बेटी को फोन कर बताया कि वह बुआड़ा मार्ग पर है और जल्द घर पहुंचेगी, इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। पति कृष्णपाल ने तलाश के बाद पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की और 14 जनवरी को बालाजीपुरम के सामने गंगनहर किनारे शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में कॉल डिटेल के आधार पर संदीप संदेह के घेरे में आया, क्योंकि ममता से सबसे अधिक बातचीत उसी की थी। हत्या के बाद आरोपी ने ममता के मोबाइल से उसके परिचित नितिन जैन को कॉल कर करीब 30–35 सेकेंड तक ‘हैलो-हैलो’ बोलता रहा, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद मोबाइल तोड़कर नहर में फेंक दिया।
आरोपी संदीप की पत्नी की 2012 में मौत हो चुकी थी। वह टिफिन सेंटर से खाना मंगाता था, जहां ममता काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क और बाद में प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।